हिमाचल (शोर संदेश)। प्रदेश में शुक्रवार देर रात कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान कुछ दुकानों और टेंट में आग लग गई, जिसमें दो लोग मामूली रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि आग बुझाते वक्त दो लोग झुलस गए जिनमें से एक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अदालत परिसर के सामने दशहरा मैदान में हुई। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया। सप्ताह भर का यह उत्सव 24 अक्टूबर को प्रारंभ हुआ था। गर्ग ने कहा, ‘‘जूतों और प्लास्टिक की कुछ दुकानें पूरी तरह से या आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हो गईं। आग से सात से आठ टेंट भी जल गए जिनमें देवी-देवताओं के ‘रथ’ रखे हुए थे। ये रथ कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए लाए गए थे।’’ अधिकारियों ने बताया कि आग लगने पर ‘रथों’ को हटा लिया गया था। आग से प्रभावित लोगों के लिए अस्थाई इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि आग लगने के कारणों के बारे में फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कुल्लू दशहरा उत्सव विजयदशमी के दिन 24 अक्टूबर को भगवान रघुनाथ की पारंपरिक रथ यात्रा के साथ शुरू हुआ था। इस उत्सव की शुरुआत 17वीं शताब्दी में हुई थी, राजा जगत सिंह ने अपने सिंहासन पर भगवान रघुनाथ की एक मूर्ति स्थापित की थी। इसके बाद से भगवान रघुनाथ को कुल्लू घाटी का शासक देवता घोषित किया गया था।
शिमला (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर दिया गया है। गौरतलब है कि आधिकारिक तौर हिमाचल प्रदेश में अभी तक प्राकृतिक आपदा के कारण 330 लोगों की मौत दर्ज की गई है और 12 हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक अनुमान के मुताबिक, राज्य सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का आकलन किया है। विशेषकर, कृषि व बागवानी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना
हिमाचल सरकार ने प्राकृतिक आपदा प्रभावित राज्य घोषित करने से संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना भी जारी कर दी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमने हिमाचल को प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। केंद्र सरकार को अब जल्द ही राज्य के लिए आर्थिक सहायता भेजना चाहिए।
संचार व यातायात भी प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश व भूस्खलन के कारण कई जिलों में संचार व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसके अलावा भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क टूटने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। इस कारण से राज्य में व्यावसायिक गतिविधियां भी अछूती नहीं रही हैं।
उत्तराखंड में पर्यटकों के लिए अलर्ट
उत्तराखंड में भी लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। भूस्खलन के कारण हुई कई दुर्घटनाओं के बाद पौड़ी गढ़वाल की SSP श्वेता चौबे ने लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी होटल और रिसॉर्ट मालिकों को पर्यटकों की बुकिंग लेने से पहले उन्हें मौसम विभाग के अलर्ट के बारे में सूचित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पर्यटकों को भी एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।
राजधानी दिल्ली में अच्छी बारिश
इधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बदरपुर, द्वारका आदि क्षेत्रों में बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है।
शिमला (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से पिछले 24 घंटों में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। पूरे हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा रखी है और कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में IMD के उप निदेशक बुई लाल ने बताया कि अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है और 15 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, शिमला, सिरमौर और हमीरपुर जिले शामिल हैं। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।
सीएम ने किया दौरा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि समर हिल क्षेत्र में एक शिव मंदिर और शिमला के फागली क्षेत्र में अन्य आपदा स्थल के मलबे से नौ शव निकाले गए हैं। सीएम ने कहा कि समर हिल में चार शवों की पुष्टि हुई है और मलबे के अंदर 2-3 लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक इन दोनों जगहों पर 15 अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।
कई जगहों पर जानलेवा हादसे
हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से जबरदस्त बारिश हो रही है। इससे पहले रविवार रात बादल फटने से सोलन में दो घर बह गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छह लोगों को बचा लिया गया, जबकि जादोन गांव में सात अन्य की मौत हो गई। जिले के बलेरा पंचायत में भूस्खलन में अस्थायी घर ढह जाने से दो बच्चों की मौत हो गई। सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि रामशहर तहसील के बनाल गांव में भूस्खलन में एक और महिला की मौत हो गई। वहीं हमीरपुर में उपायुक्त ने कहा कि जिले में लगातार बारिश के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लापता हैं। मंडी जिले की सेघली पंचायत में रविवार देर रात भूस्खलन से दो साल के बच्चे समेत एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई।
बह गया रेलवे ट्रैक
उधर, बारिश की वजह से समरहिल और जुटोग स्टेशन के बीच कालका-शिमला रेलवे ट्रैक बह गया। इस वजह से कंडाघाट-शिमला के बीच ट्रेनों की आवाजाही कैंसल कर दी गई है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने सभी से अपील की है कि बिना जरुरत घरों से बाहर ना निकलें और सुरक्षित स्थलों पर शरण लें।
शिमला (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से आम जन जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल की राजधानी शिमला में सोमवार सुबह समरहिल स्थित शिव मंदिर भूस्खलन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि इस भूस्खलन की चपेट में आने से करीब 50 श्रद्धालु दब गए। अब तक 9 लोगों के शव निकाले जा चुके है। रेस्क्यू आपरेशन जारी है। मौसम विभाग ने हिमालय प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उधर मंडी के पराशर में बागी पुल बह गया है, जिससे 250 से ज्यादा लोग फंस गए हैं।
9 लोगों की मौत
सावन के सोमवार के दिन भक्त भगवान शिव की पूजा कर रहे थे। तभी अचानक भूस्खलन हुआ और मंदिर बह गया। जानकारी के मुताबिक, इस भूस्खलन में करीब 50 भक्त दब गए। इन्हें रेस्क्यू करने का काम जारी है। अब तक 9 शव बरामद किए गए है। पुलिस और प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
मंडी में बागी पुल बह, 250 लोग फंसे
मंडी में बारिश का ताडंव जारी है। मंडी के पराशर में बागी पुल बह गया है। इसके बाद 250 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। वहीं, मालदेवता में देहरादून डिफेंस कॉलेज की इमारत ढह गई। मंडी के नागचला में बादल फटने से एक बरसाती नाला अपने साथ काफी मलबा बहाकर नीचे हाईवे पर ले आया। मंडी को कुल्लू से जोड़ने वाला हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है। छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला (शोर संदेश) हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट के बीच बीते दिन से बारिश का कहर जारी है। रविवार को पांच लोगों की मौत हो गई। बारिश की वजह से शिमला में एक मकान गिर गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। कुल्लू में एक महिला और रामपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। कुल्लू जिले के बाहंग में एक दुकान ढह गई। कुल्लू में ब्यास के साथ पार्वती और तीर्थन नदी भी उफान पर हैं। इसके अलावा, मंडी शहर में ब्यास नदी उफान पर है। भूस्खलन की वजह से कई हाईवे बंद हैं। मौसम की मार से वंदे भारत, अम्बाला से ऊना आने वाली ट्रेन प्रभावित हैं। लाहौल में ताजा बर्फबारी और मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रामशिमला से मनाली मार्ग यातायात के लिए बंद है। सांगरी बैग से बायां तट होते हुए नग्गर मनाली तक भी यातायात के लिए बंद है। कुल्लू के ब्यासा मोड़ में कार फंस गई। शिमला जिले के मधावनी तहसील कुमारसैन में मकान गिर गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पंडोह में बाढ़ के बीच एक घर में छह लोग फंसे हैं, SDRF ने रेस्क्यू आपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बचा लिया। बाहंग में ब्यास नदी में तीन दुकानें बह गई। बाहंग में खतरे को देखते हुए इलाके को खाली करवाया जा रहा है। पंडोह बांध के गेट खोलने से ब्यास में बाढ़ आ गई है। पंडोह में जलभराव हो गया है। बाढ़ जैसे हालात हैं। ब्यास नदी ओट में पुल के ऊपर से गुजर रही है। मंडी का पंचवक्त्र मंदिर पानी में डूब गया है। मनालसु नदी के उफान पर आने से मनाली शहर की पेयजल योजना भी ठप हो गई है। इससे शहर में लोगों पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल में कई हाईवे लैंड स्लाइड के कारण बंद
मंडी पंडोह नेशनल हाईवे-6 मील के आसपास दो-तीन जगह पर लैंडस्लाइड होने से बंद हो गया है। मंडी कुल्लू सड़क वाया कटौला, कमांद के पास घोड़ा-फार्म के पास स्लाइड आने से बंद थी। जिसे छोटी गाड़ियों के लिए खोला जा चुका है। कुल्लू से मंडी आने जाने के लिए वाया चैलचौक सड़क खुल गई है।
राष्ट्रीय मार्ग चंडीगढ़ मनाली 205 पर जगह-जगह पर पत्थर गिर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं, जामली दयोथ मार्ग पर एक चील का पेड़ गिरा है। जेसीबी मशीन भेज दी गई है। उसे हटाने का काम चल रहा है। नौणी से स्वारघाट तक वन वे मार्ग खुला है। जहां पत्थर गिर रहे हैं वहां पर मशीन भेज कर हटाए जा रहे हैं।
इस राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर छड़ोल के पास देर रात भूस्लखन होने की वजह से एक कार मनाली से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी, उसके ऊपर मलबा गिर गया। कार में बैठे तीन लोग सुरक्षित हैं।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित
उधर, मौसम की मार से वंदे भारत, अंबाला से ऊना आने वाली ट्रेन प्रभावित हो गई हैं। बारिश के चलते आनंदपुर साहिब, मोरिंडा आदि रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पानी भर गया है, ट्रैक जलमग्न होने से चंडीगढ़ तक वंदे भारत के पहिये थम गए हैं।
शिमला (शोर संदेश)। हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद अब नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन शुरू हो गया है। बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक भी बुलाई है। इसी बीच कांग्रेस नेता सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंच चुके हैं। कांग्रेस नेताओं में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ल सहित अन्य शामिल हैं, जो राजभवन पहुंचे हैं। वहीं राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है और सभी विधायक हमारे साथ हैं। बता दें कि विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों से मुख्यमंत्री को लेकर राय जानी जाएगी। सभी की राय जानने के बाद पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट हाई कमान को सौंपेंगे। इससे पहले सूत्रों के अनुसार, खबर आई थी कि कांग्रेस पार्टी प्रचार समिति के अध्यक्ष व नादौन से विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते रोजी चंडीगढ़ पहुंच गए थे। उनके साथ कुछ विधायक भी मौजूद थे। कुछ समर्थक उनके सुबह विधानसभा स्थित विधायक सदन में ही थे। बताया जा रहा है कि विधायकों के साथ है और बैठक कर शाम को होने वाली विधायक दल की बैठक के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में शाम 5:00 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने जाखू यूएस क्लब होमगार्ड कार्यालय में मतदान किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता लोकतंत्र के महायज्ञ में मतदान की आहूति डालने का कर्तव्य जरूर निभाएं।
वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी से वोट डालने की अपील की है। हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है कि मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। ज्यादा से ज्यादा वोट डालें। सीएम जयराम ठाकुर ने परिवार के साथ वोट डाला ।
शिमला (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 62 प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। बुधवार की सुबह भाजपा ने लिस्ट जारी की। लिस्ट के अनुसार, एक मंत्री समेत 11 सिटिंग विधायकों का टिकट काटा गया है। जबकि दो मंत्रियों की सीट बदली गई है। एक मंत्री की टिकट काटकर बेटे को दी गई है। लिस्ट में पांच महिलाओं को भी जगह मिली है। सूची में अनुसूचित जाति के 11 उम्मीदवार और एसटी जाति के आठ उम्मीदवार हैं। वहीं, हरोली, कुल्लू, बड़सर, देहरा समेत छह सीटों पर पेंच फंसा है।जारी लिस्ट के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज से और अनिल शर्मा मंडी से मैदान में उतरेंगे। सतपाल सिंह सत्ती ऊना से चुनाव लड़ेंगे। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को चुनाव होने हैं।
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के चयन के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा संसदीय बोर्ड की मैराथन बैठक मंगलवार देर रात तक चली थी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए थे। मोदी-शाह ने एक-एक सीट पर मंत्रणा की।
एंटी इनकमबेंसी की वजह से तीन मंत्रियों और एक दर्जन विधायकों के टिकटों पर तलवार लटक गई है, जबकि दो मंत्रियों के विधानसभा हलके बदले जाने पर भी चर्चा हुई है। केंद्रीय चुनाव समिति ने देर रात तक सभी टिकटों पर फैसला ले लिया था। भाजपा ने बुधवार सुबह 62 सीटों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।
इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सर्वानंद सोनोवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई प्रादेशिक नेता मौजूद हुए। इस बैठक में प्रदेश चुनाव समिति की ही दो चरणों में हुई बैठकों पर मंथन किया गया।
देखें कौन कहां से लड़ेगा चुनाव...
ऊना (शोर संदेश)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमे पांच लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय ऊना के साथ लगते कुठार कलां में शनिवार रात को एक दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो सलोह हरोली, एक झलेड़ा ऊना, एक हाज़ीपुर नंगल पंजाब और एक सनोली मजारा का रहने वाला है। सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले में जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात को पंजाब नंबर गाड़ी कुठार कलां में खम्भे से टकरा कर खेतों में जा गिरी। घटना का पता लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे में राजन जसवाल व अमल निवासी सलोह हरोली जिला ऊना की मौके पर ही मौत हो गई थी।जबकि हादसे में कार चालक विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल व अनूप सिंह निवासी झलेड़ा को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया है। मृतकों की पहचान राजन जसवाल पुत्र कुलदीप जसवाल और अमल पुत्र नंद लाल निवासी सलोह, विशाल चौधरी उर्फ अमनदीप पुत्र बलदेव सिंह निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल जिला रुपनगर पंजाब व अनूप सिंह पुत्र जनक राज निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय अंकित शर्मा ने बताया कि मामले में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मंडी (शोर संदेश )। तेज बारिश से हिमाचल प्रदेश का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं मंडी जिला में गोहर की कासन पंचायत और बगी कटौला में बादल फटने से तबाही मच गई है। बादल फटने से एक बच्ची की मौत हो गई है वहीं 14 लोग लापता हैं
मंडी जिला में मूसलाधार वर्षा, भूस्खलन व बादल फटने से एक बच्ची की मौत हो गई है। 15 के करीब लोग लापता हैं। लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को बुलाया गया है। बल्ह हलके में सुकेती, कंसा खड्ड व धर्मपुर उपमंडल में सोन खड्ड व ब्यास नदी में आए उफान ने भारी तबाही मचाई है। दोनों हलकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। द्रंग हलके संदोआ में बादल फटने से एक मकान बह गया। इससे मकान में सोए छह लोग लापता हो गए। पुलिस ने एक बच्ची का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया है। हणोगी में एक मकान भूस्खलन की जद में आने से तीन लोग लापता है।
पांच अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। गोहर उपमंडल की कासण पंचायत के प्रधान खेम सिंह का मकान भी भूस्खलन की चपेट में आया है। पहाड़ी पर बना मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। बादल फटने से हुए भूस्खलन से मकान में प्रधान सहित सोए उनके परिवार के सात अन्य लोग लापता हैं।
एसडीएम गोहर रमण शर्मा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। गांव को जोड़ने वाले मार्ग में भूस्खलन व भारी वर्षा के कारण राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में दिक्कत रही है। सराज हलके केे केयोली में भूस्खलन से एक मकान ध्वस्त हो गया था। मकान में एक व्यक्ति सोया हुआ था।सराज उपमंडल प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर रखा है।
थुनाग बाजार का आधा हिस्सा बहा
बादल फटने से थुनाग बाजार में भारी नुकसान हुआ है। बाजार का आधे से ज्यादा हिस्सा बह गया है। करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मंडी के नौ मील के पास पहाड़ दरकने से मनाली चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। मलबे की चपेट में आने से ट्रक सहित कई अन्य वाहनों को क्षति पहुंची है।
बल्ह के दस गांव जलमग्न
बल्ह हलके के सुकेती व कंसा खड्ड में आई बाढ़ से दस से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। हजारों बीघा भूमि में मक्की व सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है। खांदला व गागल पंचायत में सेकड़ खड्ड का पानी लोगों के घरों में घुसने से तबाही मची है।
धर्मपुर बस स्टैंड तक पहुंची सोन खड्ड, मशरुम प्लांट बहा
धर्मपुर हलके में सोन खड्ड का पानी बस स्टैंड में घुस गया है। ब्यास नदी में आए उफान से मशरुम प्लांट पूरी तरह जलमग्न हो गया है। जिला भर में भारी वर्षा का दौर जारी है। इससे लोग बुरी तरह सहमे हुए हैं।
एनडीआरएफ बुलाई : डीसी
उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी का कहना है भूस्खलन व बादल फटने से एक बच्ची की मौत हुई है। करीब 15 लोग लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ व एसडीआरएफ बुलाई गई हैं।